सांसद सुरेश कश्यप की अध्यक्षता में दिशा समिति की बैठक, अधिकारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी

सांसद सुरेश कश्यप की अध्यक्षता में दिशा समिति की बैठक, अधिकारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी

शिमला 24 नवंबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सोमवार को बचत भवन में आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता सांसद सुरेश कश्यप ने की। बैठक में सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ आम जनता तक समय पर पहुंचे यह सुनिश्चित करना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों की बैठक में अनुपस्थिति पर कड़ा रुख अपनाते हुए इसे चिंताजनक बताया और कहा कि अगली बैठक में सभी अधिशासी अभियंताओं की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।सांसद ने लोक निर्माण विभाग और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत चल रहे कार्यों की धीमी प्रगति पर भी असंतोष व्यक्त किया।

उन्होंने निर्देश दिए कि पीएमजीएसवाई 1, 2 और 3 के तहत अधूरे कार्यों को जल्द पूरा किया जाए। बैठक में विद्युत विभाग ने बताया कि जिले में 58% सिंगल फेस स्मार्ट मीटर इंस्टॉल किए जा चुके हैं, शेष कार्य मार्च 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा।कृषि विभाग ने बताया कि राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत 957 किसानों को लाभ मिल चुका है जबकि अन्य योजनाओं के तहत हजारों लाभार्थियों को सहायता दी गई है। पशुपालन विभाग ने बताया कि राष्ट्रव्यापी कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम के तहत अब तक 39,748 प्रक्रियाएं पूरी की गई हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि नेशनल हेल्थ मिशन का 66% बजट इस वित्त वर्ष में खर्च हो चुका है।बैठक में नाबार्ड के तहत चल रहे 58 प्रोजेक्टों सहित स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की प्रगति की समीक्षा भी हुई। मनरेगा के तहत लंबित 21,858 कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए।बैठक में अनुपस्थित रहे अधिकारियों पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश भी सांसद ने दिए।इस अवसर पर उपायुक्त अनुपम कश्यप, विधायक चौपाल बलबीर वर्मा, महापौर सुरेंद्र चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!