चंबा में इंडोर स्टेडियम निर्माण के दौरान बड़ा हादसा,शटरिंग गिरने से एक अप्रवासी मजदूर की मौत, तीन घायल

चंबा में इंडोर स्टेडियम निर्माण के दौरान बड़ा हादसा,शटरिंग गिरने से अप्रवासी एक मजदूर की मौत, तीन घायल

चम्बा 20 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा में निर्माणाधीन इंडोर स्टेडियम में कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा पेश आया, जिसमें एक मजदूर की मौत हो गई जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना पुलिस मैदान बारगाह में निर्माणाधीन इंडोर स्टेडियम की पहली मंजिल का लेंटर डालते समय हुई, जब अचानक शटरिंग भरभराकर नीचे गिर गई और मजदूर मलबे के नीचे दब गए।हादसे में 34 वर्षीय मजदूर तारकेश्वर, पुत्र लाल चंद सिंह, निवासी रहसून गंज, जिला किशनगंज (बिहार) की मौके पर ही मौत हो गई। शटरिंग गिरते ही निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। साथी मजदूरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और मलबे में दबे अन्य मजदूरों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया।घटना में घायल हुए मजदूरों की पहचान लालू कुमार (24) निवासी बिरवा, जिला किशनगंज (बिहार), दीनबंधु, निवासी धुमली, जिला पश्चिम चंपारण (बिहार) तथा बालकेश्वर (35) पुत्र छठू महतो, निवासी धुमली, पश्चिम चंपारण (बिहार) के रूप में हुई है।

तीनों को उपचार के लिए चंबा के मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है, जहां उनकी स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है।स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शटरिंग के कमजोर होने या तकनीकी त्रुटि के कारण लेंटर डालते समय यह हादसा हुआ, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल पाएगा।इस दर्दनाक दुर्घटना ने निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों पर एक बार फिर सवाल खड़े किए हैं। प्रशासन ने घटना की गंभीरता को देखते हुए ठेकेदार और संबंधित एजेंसी से भी रिपोर्ट तलब की है। मृतक मजदूर के परिजनों को नियमों के अनुसार राहत राशि प्रदान करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!