चुराह घाटी में दर्दनाक सड़क हादसा,तीन की मौत, दो गंभीर घायल

तीसा/चुराह, 30 अक्तूबर दिलीप सिंह ठाकुर
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले की चुराह घाटी में बुधवार शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार बेरागढ़-टेपा मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना मिलते ही पुलिस थाना तीसा की टीम राहत एवं बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, वहीं घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल तीसा में भर्ती कराया गया। प्रशासन ने मृतक परिवारों को फौरी राहत राशि प्रदान कर दी है।
इस हादसे में घायल व्यक्तियों की पहचान अमर सिंह पुत्र कांशी निवासी गांव वाहला तथा धर्म सिंह पुत्र मान सिंह निवासी मुहाल सत्यास के रूप में हुई है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने प्रथम दृष्टया चालक की लापरवाही को दुर्घटना का कारण मानते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि चुराह घाटी की कई सड़कों की हालत काफी खराब है, जिससे वाहनों की आवाजाही में लगातार खतरा बना रहता है। उनका कहना है कि सड़क सुरक्षा और रखरखाव की पुख्ता व्यवस्था न होने के कारण ऐसे हादसे आए दिन घटित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत और सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता देने की मांग की है।
इस दर्दनाक दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र को शोकग्रस्त कर दिया है, वहीं मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।