चंबा पुलिस की बड़ी कार्रवाई , युवक से 17.36 ग्राम चिट्टा बरामद

चंबा पुलिस की बड़ी कार्रवाई , युवक से 17.36 ग्राम चिट्टा बरामद

चंबा, 22 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)


जिला चंबा पुलिस ने नशे के खिलाफ अपने चल रहे अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने एक युवक से 17.36 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपी की पहचान स्त्री ठाकुर, निवासी गांव पुंदला, डाकघर कुपाहड़ा, तहसील एवं जिला चंबा के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में एक युवक नशे की अवैध तस्करी में संलिप्त है। इस पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से कुल 17.36 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और उसके खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंबा, हितेष लखनपाल ने बताया कि पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे के दलदल से बचाने के लिए पुलिस की सख्त निगरानी जारी रहेगी और ऐसे लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी जो इस अवैध कारोबार में लिप्त पाए जाते हैं।

एएसपी लखनपाल ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि किसी को नशा तस्करी से जुड़ी कोई भी जानकारी मिलती है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से ही इस अभिशाप को समाप्त किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!