चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा द्वारा विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम, बच्चों को बाल अधिकारों व सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी

चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा द्वारा विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम, बच्चों को बाल अधिकारों व सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी

चंबा 19 नवंबर मुकेश कुमार ( गोल्डी)

चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा की टीम ने आज स्थानीय विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें बच्चों को बाल अधिकारों, सुरक्षा उपायों और 1098 हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम की शुरुआत चाइल्ड हेल्पलाइन सुपरवाइजर रीता कुमारी ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को टोल फ्री नंबर 1098 की भूमिका, इसके माध्यम से मिलने वाली सहायता तथा आपातकालीन स्थितियों में इसका उपयोग कैसे किया जाता है, इस बारे में विस्तार से बताया।रीता कुमारी ने बच्चों को बाल अधिकारों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों—जैसे बाल विवाह, बाल मजदूरी, नशे की लत, बाल तस्करी, भिक्षावृत्ति, यौन शोषण, घरेलू हिंसा, मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना—के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं से जुड़े मामलों में तुरंत हेल्पलाइन को सूचित करना चाहिए ताकि बच्चे समय पर सुरक्षा और सहायता प्राप्त कर सकें।

इसके साथ ही उन्होंने दिव्यांग, अनाथ व अर्ध-अनाथ बच्चों के लिए उपलब्ध सरकारी योजनाओं तथा स्कूल छोड़ चुके बच्चों के पुनर्वास और परामर्श सेवाओं के विषय में भी जानकारी दी।बच्चों को सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों से सतर्क रहते हुए अनजान लोगों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई। विशेष रूप से बालिकाओं को आगाह किया गया कि यदि वे स्कूल आते-जाते या आस-पड़ोस में किसी प्रकार की छेड़छाड़, पीछा किए जाने, आपत्तिजनक टिप्पणी या अनुचित स्पर्श जैसी स्थिति का सामना करें, तो तुरंत 1098 पर शिकायत दर्ज करें।चाइल्ड हेल्पलाइन सुपरवाइजर अशोक कुमार ने भी कार्यक्रम में बच्चों को अनुशासन, आत्म-नियंत्रण और जिम्मेदारी के महत्व पर जागरूक किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य भूपेंद ठाकुर ने इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि चाइल्ड हेल्पलाइन द्वारा दी गई जानकारी न केवल बच्चों बल्कि अभिभावकों और शिक्षकों के लिए भी अत्यंत उपयोगी है। कार्यक्रम में सुरेश ठाकुर, रमेश ठाकुर, हेम राज ठाकुर सहित अन्य अध्यापक-अध्यापिकाओं और कुल 281 विद्यार्थियों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!