पद्धर चौगान बनीखेत में स्वर्गीय अनिल कुमार (बट्टी) क्रिकेट टूर्नामेंट का हुआ भव्य शुभारंभ

पद्धर चौगान बनीखेत में स्वर्गीय अनिल कुमार (बट्टी) क्रिकेट टूर्नामेंट का हुआ भव्य शुभारंभ

डलहोजी/चम्बा 22 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

पद्धर चौगान बनीखेत में यूथ क्लब कंडा के सौजन्य से आयोजित स्वर्गीय श्री अनिल कुमार (बट्टी) क्रिकेट टूर्नामेंट का आज विधिवत शुभारंभ हुआ। टूर्नामेंट के उद्घाटन अवसर पर क्षेत्रीय कार्यालय बनीखेत के क्षेत्रीय कार्यपालक राज़ील व्यास ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। पद्धर चौगान पहुंचने पर यूथ क्लब कंडा के सदस्यों द्वारा मुख्य अतिथि का पुष्प गुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया।मैच की शुरुआत से पूर्व मुख्य अतिथि ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में राज़ील व्यास ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि समाज में आपसी भाईचारे और अनुशासन की भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से खेल गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया।टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला रुलयानी क्रिकेट टीम और डलोग क्रिकेट टीम के बीच खेला गया। इस रोमांचक मुकाबले में रुलयानी क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए डलोग क्रिकेट टीम को सात विकेट से करारी शिकस्त दी।

रुलयानी टीम की ओर से अंकुर ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए सर्वाधिक 34 रन बनाए, जबकि डलोग टीम की ओर से विशु ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए तीन विकेट झटके।इस अवसर पर एनएचपीसी के अमरीक कुमार, सुरेंद्र गुप्ता, दिनेश कुमार, प्रमोद कुमार, हरजीत धीमान, अमित अत्री, सुभाष कुमार, सुनील राणा सहित यूथ क्लब कंडा के सदस्य और क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। बता दें कि इस क्रिकेट टूर्नामेंट मेंदो दर्जन के करीब टीमें हिस्सा ले रही हैं इस टूर्नामेंट को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और आने वाले दिनों में कई रोमांचक मुकाबले देखे जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!