“चम्बा साथी” ऐप से स्वयंसेवकों का होगा एकीकृत डिजिटल डेटाबेस, आपदा प्रबंधन होगा और सशक्त :- उपायुक्त मुकेश रेपसवाल

“चम्बा साथी” ऐप से स्वयंसेवकों का होगा एकीकृत डिजिटल डेटाबेस, आपदा प्रबंधन होगा और सशक्त :- उपायुक्त मुकेश रेपसवाल

चंबा 09 दिसंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

चम्बा जिला प्रशासन द्वारा “चम्बा साथी” मोबाइल एप के माध्यम से जिले के सभी प्रशिक्षित एवं सक्रिय स्वयंसेवकों का एक समग्र और एकीकृत डिजिटल डेटाबेस तैयार किया जा रहा है। यह जानकारी उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने शुक्रवार को एलिगो क्रिएटिव सर्विस प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित वर्चुअल बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उपायुक्त ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य किसी भी प्रकार की आपदा, आपात स्थिति या प्रशासनिक आवश्यकता के समय त्वरित संचार और प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करना है।उपायुक्त ने कहा कि वर्तमान में जिले में आपदा मित्र, नैसकॉम फाउंडेशन के डिजिटल एम्बेसडर, स्वीप स्वयंसेवक, रक्तदाता समूह, स्वयं सहायता समूह, आशा वर्कर्स तथा अन्य कई स्वयंसेवी संगठन प्रशासन को निरंतर सहयोग प्रदान कर रहे हैं। हालांकि, इन सभी समूहों की कोई एकीकृत डिजिटल सूची उपलब्ध न होने के कारण आपातकालीन परिस्थितियों में सूचनाओं के आदान-प्रदान और समन्वय में कठिनाइयां सामने आती हैं।

इन्हीं चुनौतियों को दूर करने के लिए “चम्बा साथी” एप को एक कार्यप्रवाह आधारित आधुनिक स्वयंसेवक प्रबंधन प्रणाली के रूप में विकसित किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि इस एप के माध्यम से सभी विभागों द्वारा प्रशिक्षित वर्तमान एवं भविष्य के स्वयंसेवकों की जानकारी नियमित रूप से अपडेट रहेगी तथा प्रारंभिक सूचना एसएमएस और ई-मेल के माध्यम से तुरंत भेजी जा सकेगी। इसके साथ ही स्वयंसेवक अपने संपर्क विवरण स्वयं भी अपडेट कर सकेंगे। जिला प्रशासन को प्रशिक्षण, मॉक ड्रिल, कार्यक्रमों और विभिन्न गतिविधियों का पूरा रिकॉर्ड एक ही डिजिटल मंच पर उपलब्ध रहेगा।उपायुक्त ने कंपनी प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि एप को सरल, उपयोगकर्ता-अनुकूल और त्रुटिरहित बनाया जाए। साथ ही जिला रोजगार अधिकारी को कंपनी के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में एलिगो क्रिएटिव सर्विस के प्रतिनिधियों ने एप की कार्यप्रणाली और डिजाइन को लेकर विस्तृत जानकारी दी तथा सभी आवश्यक फीचर्स विकसित करने का आश्वासन दिया।इस बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अमित मैहरा, जिला योजना अधिकारी जीवन कुमार और जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान सहित एलिगो क्रिएटिव सर्विस प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!