विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया की अध्यक्षता में कार्य सलाहकार समिति की बैठक सम्पन्न

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया की अध्यक्षता में कार्य सलाहकार समिति की बैठक सम्पन्न


धर्मशाला, 27 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस ( ब्यूरो)

हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया की अध्यक्षता में कार्य सलाहकार समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें आगामी सप्ताह के दौरान सदन में संचालित होने वाली कार्यवाही की कार्यसूची को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में समिति सदस्य एवं संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान, उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, भाजपा विधायक दल के मुख्य सचेतक चौधरी सुखराम, लोक लेखा समिति के सभापति अनिल शर्मा तथा विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा उपस्थित रहे।

बैठक में 28 नवंबर, 2025 को निर्धारित गैर–सरकारी सदस्य कार्य दिवस के लिए नियम 101 के तहत स्वीकृत संकल्पों को क्रमवार सूचीबद्ध किया गया। उल्लेखनीय है कि इस सत्र में 28 नवंबर और 4 दिसंबर को गैर–सरकारी सदस्य कार्य दिवस निर्धारित किए गए हैं। विधानसभा अध्यक्ष पठानिया ने बताया कि 28 नवंबर को कुल चार संकल्पों पर चर्चा होगी, जिसके लिए समय निर्धारण भी किया गया है।

पहला संकल्प सदस्य केवल सिंह पठानिया एवं भवानी सिंह पठानिया द्वारा संयुक्त रूप से प्रस्तुत किया गया है। इसमें वजीर राम सिंह पठानिया को ब्रिटिश शासन के विरुद्ध आजादी की लड़ाई के प्रारंभिक स्वतंत्रता सेनानियों में शामिल घोषित करने और केंद्र सरकार को इसके लिए सिफारिश भेजने का आग्रह शामिल है।

दूसरा संकल्प सदस्य चंद्रशेखर द्वारा लाया गया है, जिसमें मनरेगा के क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों और योजना के मूल उद्देश्य से भटकने पर चर्चा कर केंद्र सरकार को आवश्यक सिफारिश भेजने का प्रस्ताव है।

तीसरा संकल्प भाजपा विधायक सुखराम चौधरी का है, जिसमें राज्य में बढ़ती बेसहारा पशुओं की संख्या के समाधान के लिए बड़े पैमाने पर गौशालाओं के निर्माण पर विचार करने की सिफारिश की गई है।

चौथा संकल्प सदस्य इंद्र दत्त लखनपाल द्वारा प्रस्तुत किया गया है, जिसमें प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने हेतु युवा खेल नीति बनाने की मांग की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!