जिला सैनिक बोर्ड चंबा की अर्धवार्षिक बैठक सम्पन्न,भूतपूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए होंगे ठोस कदम

जिला सैनिक बोर्ड चंबा की अर्धवार्षिक बैठक सम्पन्न,भूतपूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए होंगे ठोस कदम

चंबा, 21 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिला सैनिक बोर्ड चंबा की अर्धवार्षिक बैठक बीते सांय उपायुक्त कार्यालय के सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अमित मेहरा ने की। इस बैठक में भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रित परिवारों के कल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं, कैंटीन सुविधा, ग्रोसरी उपलब्धता तथा अन्य लाभकारी प्रावधानों पर आवश्यक निर्णय लिए गए। लेफ्टिनेंट कर्नल जी.एस. ठाकुर ने बैठक के पश्चात जानकारी दी कि भूतपूर्व सैनिकों को और अधिक सुदृढ़ चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से ईसीएचएस सेवाओं को बेहतर बनाते हुए रेफरल सुविधा सुनिश्चित की जाएगी, जिससे सैनिकों और उनके परिवारों को बड़े अस्पतालों में उपचार का लाभ सुचारू रूप से प्राप्त हो सके।

उन्होंने बताया कि ग्रोसरी एवं आवश्यक दैनिक उपभोग की वस्तुओं की आपूर्ति को भी मजबूत किया जाएगा, ताकि भूतपूर्व सैनिकों को उच्च गुणवत्ता की सामग्री उचित दरों पर उपलब्ध हो सके। इसके लिए संबंधित विभागों और आपूर्तिकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए।बैठक में उपस्थित अधिकारियों और सदस्यों ने सैनिकों व उनके परिवारों की समस्याओं को सुना और उनके त्वरित समाधान के लिए सुझाव भी प्रस्तुत किए। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि संबंधित मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाएगा।बैठक में अपराजिता चंदेल एसी टू डीसी चंबा, कैप्टन अनुमेहा पाराशर (सेवानिवृत्त) उपनिदेशक सैनिक कल्याण चंबा, डीएसपी रंजन शर्मा, लेफ्टिनेंट कर्नल रवि वैद, कैप्टन गणेश बहादुर, तिलकराज धीमान सहित अन्य गैर-सरकारी सदस्य भी उपस्थित रहे।बैठक के अंत में अध्यक्ष ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया और यह विश्वास व्यक्त किया कि लिए गए निर्णय भूतपूर्व सैनिकों के हित में लाभकारी सिद्ध होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!