पांगी में ‘आदि कर्म योगी अभियान’ का शुभारंभ , 48 गांव होंगे लाभान्वित

पांगी/ चम्बा, 8 अक्टूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
केंद्र सरकार द्वारा प्रारंभ किए गए ‘आदि कर्म योगी अभियान’ का शुभारंभ बुधवार को उपमंडल पांगी के मुख्यालय किलाड़ में उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रमन घरसंगी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य आदिवासी और दुर्गम क्षेत्रों के ग्रामों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।उन्होंने जानकारी दी कि जिला चंबा के लगभग 156 गांवों को इस अभियान में शामिल किया गया है, जिनमें से उपमंडल पांगी के 48 गांव भी चयनित किए गए हैं।

इस योजना के अंतर्गत पांच विभागों — ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास, वन, जलशक्ति तथा शिक्षा विभाग — के अधिकारियों व कर्मचारियों की एक संयुक्त टीम गठित की गई है। यह टीम आने वाले चार से पांच दिनों तक चिन्हित पंचायतों में जाकर शिविरों का आयोजन करेगी।अभियान के दौरान स्वयं सहायता समूहों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, युवक मंडलों, मल्टी टास्क वर्करों, पैरा पंप ऑपरेटरों, फॉरेस्ट गार्डों, वन मित्रों, पंचायत सचिवों तथा सिलाई अध्यापिकाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है। इनके सहयोग से प्रत्येक गांव का ‘ग्राम विज़न डॉक्युमेंट’ तैयार किया जाएगा, जिसे आगे चलकर आदि सेवा केंद्र में संकलित कर केंद्र सरकार को भेजा जाएगा।

एसडीएम रमन घरसंगी ने कहा कि तैयार रिपोर्ट के आधार पर सरकार उन गांवों के लिए विशेष विकास योजनाएं बनाएगी, जो अब तक सुविधाओं से वंचित रहे हैं। यह अभियान ग्रामीण स्तर पर आत्मनिर्भरता और सहभागी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।इस अवसर पर विकासखंड अधिकारी योगेश वर्मा, विभिन्न विभागों के अधिकारी, महिला मंडलों की प्रतिनिधियां, आशा वर्कर तथा अन्य स्थानीय लोग उपस्थित रहे।यह अभियान पांगी क्षेत्र में सामाजिक व आर्थिक सशक्तिकरण का नया अध्याय लिखने की दिशा में अग्रसर है।
