होटलों को लीज पर देने के फैसले पर उठे सवाल, आरएस बाली के समर्थन में उतरे मनीष सरीन

डलहौजी/चंबा, 14 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) के चेयरमैन आरएस बाली द्वारा घाटे में चल रहे 14 होटलों को लीज पर देने के निर्णय को लेकर राज्य में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस फैसले पर हो रही आलोचनाओं के बीच 2022 के विधानसभा चुनावों में डलहौजी से प्रत्याशी रहे मनीष सरीन खुलकर आरएस बाली के समर्थन में सामने आए हैं।अपने बयान में मनीष सरीन ने कहा कि आरएस बाली एक दूरदर्शी और जनसेवी नेता हैं, जिनकी कार्यशैली व निर्णय क्षमता पर किसी प्रकार का संदेह नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि बाली के नेतृत्व में पर्यटन विभाग में राजस्व वृद्धि और एचपीटीडीसी को लाभदायक इकाई बनाने की दिशा में कई उल्लेखनीय प्रयास हुए हैं।सरीन ने यह भी कहा कि कुछ लोग जानबूझकर आरएस बाली के हालिया बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रहे हैं ताकि उनके और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के बीच मतभेद का भ्रम फैलाया जा सके, जोकि दुर्भाग्यपूर्ण और भ्रामक प्रयास है।उन्होंने पर्यटन विभाग के वर्तमान कदमों को ‘एक्सपेरिमेंटल मोड’ करार देते हुए कहा कि घाटे में चल रहे होटलों को निजी क्षेत्र को सौंपना एक दीर्घकालिक रणनीति का हिस्सा हो सकता है, और भविष्य में यह निर्णय लाभकारी सिद्ध हो सकता है।मनीष सरीन ने राज्य सरकार से अपील की कि किसी भी अंतिम निर्णय से पूर्व आरएस बाली द्वारा सुझाए गए विशेषज्ञों की रिपोर्ट का इंतजार किया जाए। उन्होंने बाली को प्रदेश के लिए एक प्रेरणादायक व प्रतिबद्ध नेता बताया, जिनकी प्राथमिकता सदैव जनता और प्रदेश का हित रही है।