जन्माष्टमी पर रामलीला का झंडा चढ़ाने व झांकियों का होगा भव्य आयोजन

डलहौजी /चंबा 14 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
भुरु नाग देवता मंदिर में 15 अगस्त, यानी कल जन्माष्टमी के उपलक्ष में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः नौ बजे रामलीला का झंडा चढ़ाने के साथ होगी, जिसमें श्रद्धालु और नगर के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।आयोजकों ने बताया कि शाम साढ़े चार बजे से भव्य झांकियों का आयोजन किया जाएगा। इन झांकियों में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़ी विविध लीलाओं का सुंदर प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय बच्चों और कलाकारों की विशेष भागीदारी रहेगी। यह शोभायात्रा बनीखेत भुरू नाग देवता मंदिर परिसर से मुख्य बाजार होती हुई बस अड्डा बनीखेत से पुनः वापस मंदिर परिसर वापस आएगी।

समिति के सदस्यों ने क्षेत्र वासियों से आग्रह किया है कि वे इस धार्मिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों और बच्चों व कलाकारों का उत्साह बढ़ाएं। आयोजकों ने कहा कि आपकी उपस्थिति से न केवल झांकियों की शोभा में चार चांद लगेंगे, बल्कि स्थानीय प्रतिभाओं को भी प्रोत्साहन मिलेगा।विशेष रूप से शाम की झांकियों में नगरवासियों को साथ चलने का आमंत्रण दिया गया है, ताकि शोभायात्रा का वैभव और भव्यता और अधिक बढ़ सके। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक होगा, बल्कि सामाजिक एकजुटता और भाईचारे का भी संदेश देगा।आयोजकों ने पुनः करबद्ध निवेदन किया है कि नगरवासी अपने कीमती समय में से कुछ समय निकालकर इस धार्मिक पर्व को धूमधाम और आपसी सौहार्द के साथ मनाने में योगदान दें। बता दें कि 16 अगस्त को जन्माष्टमी के पावन अवसर पर भव्य लंगर का भी आयोजन किया जा रहा है।