चंबा के कंदला पंचायत में युवक ने की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी

चंबा,26 जुलाई मुकेश कुमार(गोल्डी)
जिला चंबा के कंदला पंचायत क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक युवक ने खेत में पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान गुरवचन सिंह, गांव बरोलू (कंदला पंचायत) निवासी, के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम गुरवचन सिंह रोजाना की तरह मेहनत-मजदूरी कर घर लौटा था। कुछ समय बाद वह घर के पीछे की ओर चला गया, लेकिन काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान वह खेत में एक पेड़ से लटका मिला। परिजनों ने तुरंत घटना की सूचना पंचायत उपप्रधान को दी, जिन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी।सदर थाना चंबा से पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्राथमिक जांच के दौरान घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट या कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।

पुलिस ने शव को मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया।पुलिस अधीक्षक चंबा अभिषेक यादव ने घटना की पुष्टि की है और बताया कि मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 194 के तहत दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है।यह घटना क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल पैदा कर गई है। परिजनों और ग्रामीणों में गहरा दुःख व्याप्त है। पुलिस द्वारा की जा रही जांच से उम्मीद जताई जा रही है कि आत्महत्या के पीछे के कारणों का जल्द खुलासा हो सकेगा।