डलहौजी पुलिस ने 4 घंटे में गुमशुदा लड़की को सुरक्षित परिजनों तक पहुंचाया

डलहौजी/चम्बा 12 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
पुलिस थाना डलहौजी में आज एक युवती की गुमशुदगी का मामला दर्ज हुआ, जिसमें परिजनों ने अपनी बेटी के लापता होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जगबीर सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस दल को उचित दिशा निर्देश देकर तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।परिजनों द्वारा दिए गए साक्ष्यों और सुरागों के आधार पर पुलिस ने त्वरित जांच आरंभ की। कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए मात्र चार घंटे के भीतर गुमशुदा युवती को सुरक्षित ढूंढ निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने उसे सकुशल उसके परिजनों के हवाले कर दिया।पुलिस के इस त्वरित और प्रभावी कदम से परिजनों ने राहत की सांस ली और डलहौजी पुलिस दल का तहेदिल से आभार व्यक्त किया।

परिजनों ने कहा कि पुलिस ने जिस तत्परता और संवेदनशीलता के साथ काम किया, वह सराहनीय है।थाना प्रभारी जगबीर सिंह ने बताया कि गुमशुदगी के मामलों में समय पर कार्रवाई बेहद महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि पुलिस दल ने पूरी समर्पण भावना से काम करते हुए यह सफलता हासिल की है। साथ ही, उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे मामलों में तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि डलहौजी पुलिस न केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने में सक्षम है, बल्कि मानवता और नागरिक सुरक्षा के मामलों में भी उतनी ही संवेदनशील है।