लगातार बारिश से श्री मणिमहेश यात्रा प्रभावित, उपायुक्त ने श्रद्धालुओं से फिलहाल यात्रा न करने की अपील

चंबा, 15 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चंबा में हो रही लगातार बारिश के चलते श्री मणिमहेश यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं और आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने महत्वपूर्ण अपील जारी की है। उन्होंने श्रद्धालुओं एवं स्थानीय निवासियों से अनुरोध किया है कि वे भारी बारिश के चलते आज के दिन चंबा–भरमौर मार्ग पर यात्रा न करें।उपायुक्त ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार वर्षा के कारण चंबा–भरमौर मार्ग के विभिन्न स्थानों पर भूस्खलन और पत्थर गिरने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में यात्रा के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए प्रशासन ने यह अपील की है कि श्रद्धालु फिलहाल चंबा मुख्यालय से आगे की ओर प्रस्थान न करें।

उन्होंने कहा कि मौसम विभाग द्वारा भी अगले 24 घंटों के लिए भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। इस परिस्थिति में यात्रा करना न केवल खतरनाक साबित हो सकता है, बल्कि मार्ग अवरोध की स्थिति में यात्रियों को बीच रास्ते फंसने की संभावना भी रहती है। प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों को सतर्क रहने और मार्गों पर नजर बनाए रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।उपायुक्त ने सभी श्रद्धालुओं और आमजन से सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा कि स्थिति सामान्य होने तक यात्रा स्थगित रखना ही बेहतर है।

किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के टोल फ्री नंबर 98166-98166 या 1077 पर तुरंत संपर्क किया जा सकता है।उन्होंने आश्वस्त किया कि मौसम साफ होते ही मार्ग की स्थिति का पुनः मूल्यांकन कर श्रद्धालुओं को यात्रा के लिए अनुमति प्रदान की जाएगी।