चुवाड़ी बस स्टैंड पर टैक्सी और बस चालकों को किया गया जागरूक

भटीयात/चुवाड़ी, 6 मई बबलू पठानिया
हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा प्लास्टिक पर लगाए गए प्रतिबंध के अनुपालन को सुनिश्चित करने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को चुवाड़ी बस अड्डे में एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का आयोजन उपमंडल प्रशासन भटियात द्वारा किया गया, जिसमें टैक्सी और बस चालकों को कूड़ेदान की अनिवार्यता को लेकर जागरूक किया गया।एसडीएम भटियात पारस अग्रवाल ने जानकारी दी कि सरकार ने सभी सरकारी और निजी बसों व टैक्सी वाहनों में कूड़ेदान की व्यवस्था करना अनिवार्य कर दिया है, ताकि प्लास्टिक कचरे का उचित निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके। इस संबंध में सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश पहले ही जारी किए जा चुके हैं। आदेशों का पालन न करने की स्थिति में जुर्माना लगाने का भी प्रावधान रखा गया है।जागरूकता शिविर में तहसीलदार सुमन धीमान ने उपस्थित चालकों, परिचालकों व अड्डा प्रभारी को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने वाहनों में कूड़ेदान अनिवार्य रूप से लगाएं और एकत्रित प्लास्टिक कचरे को नगर पंचायत चुवाड़ी के कार्यालय में जमा कराना सुनिश्चित करें। साथ ही, बस अड्डा प्रभारी को निर्देशित किया गया कि वे सभी सरकारी और निजी बस चालकों को इस दिशा-निर्देश का पालन सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करें।यह पहल न केवल पर्यावरण सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि स्वच्छता अभियान को भी बल प्रदान करेगी। प्रशासन ने सभी चालकों से सहयोग की अपेक्षा जताई है, ताकि प्लास्टिक मुक्त हिमाचल का सपना साकार किया जा सके।