पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डलहौजी में SMC बैठक आयोजित, छात्रों के हित में लिए गए अहम निर्णय

डलहौजी/चम्बा 20 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डलहौजी में शुक्रवार को स्कूल मैनेजिंग कमेटी (SMC) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता SMC अध्यक्ष अजय नाहर ने की तथा विद्यालय की प्रधानाचार्या वंदना शर्मा एवं अध्यापकगण व अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी रही।
बैठक में विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, अनुशासन और यूनिफॉर्म संबंधित विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। विशेष रूप से, सप्ताह में दो दिन विद्यार्थियों को ट्रैक सूट पहनने की अनुमति देने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया। यह पहल छात्रों की सुविधा व खेलकूद गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए की गई है। इसके साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया कि जो छात्र ट्रैक सूट खरीदने में असमर्थ हैं, उन्हें स्कूल मैनेजिंग कमेटी की ओर से निःशुल्क ट्रैक सूट उपलब्ध करवाए जाएंगे।

प्रधानाचार्या वंदना शर्मा ने अभिभावकों को स्कूल में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों और नवाचारों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासित वातावरण और छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। बैठक के दौरान शिक्षकों और अभिभावकों ने अपने सुझाव भी साझा किए जिससे विद्यालय के संचालन में और अधिक पारदर्शिता और समन्वय स्थापित हो सके।
SMC की यह बैठक विद्यालय-प्रबंधन और अभिभावकों के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बनकर उभरी, जो छात्रों के भविष्य निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाएगी।