आपदा प्रभावितों की मदद को आगे आई अन्नपूर्णा वेलफेयर सोसाइटी, चंबा भेजा राहत सामग्री से भरा ट्रक

डलहौजी/चंबा, 6 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश में आई हालिया आपदा से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए समाजसेवी संस्था अन्नपूर्णा वेलफेयर सोसाइटी पालमपुर ने सराहनीय पहल की है। संस्था द्वारा राहत सामग्री से भरा एक ट्रक आज जिला चंबा के बनी खेत में लाया गया। इस आयोजन की अध्यक्षता प्रदेश के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने की।बनीखेत में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने प्रेस वार्ता कर प्रदेश में आई भारी त्रासदी और उसके दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की।

उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता पहुंचाना हम सबकी जिम्मेदारी है। इस दौरान उनके साथ पार्टी कार्यकर्ता, समर्थक तथा स्थानीय नेता भी मौजूद रहे जिन्होंने प्रभावितों की मदद के लिए एकजुट होकर संकल्प लिया।कार्यक्रम के उपरांत प्रतिनिधिमंडल ने बोंखड़ी मोड़ क्षेत्र का दौरा किया, जहां आपदा से सबसे अधिक प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने वहां नुकसान का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि संकट की इस घड़ी में समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आना चाहिए।

इस अवसर पर अन्नपूर्णा वेलफेयर सोसाइटी के संस्थापक विनय शर्मा, अध्यक्ष सुदर्शन महामंत्री धीरेंद्र राणा भी उपस्थित रहे। संस्था ने कहा कि आगे भी जरूरत पड़ने पर प्रभावितों को भोजन, कपड़े और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। सोसाइटी का उद्देश्य है कि कोई भी परिवार इस त्रासदी के समय अपने आपको अकेला महसूस न करे।

कार्यक्रम में स्थानीय भाजपा विधायक डीएस ठाकुर, प्रदेश सचिव अमित कुमार, जिला अध्यक्ष चंबा धीरज जरियाल, जिला परिषद सदस्य पवन टंडन, बनीखेत मंडलाध्यक्ष विशाल टडन, विजय ठाकुर नरेंद्र टंडन के अलावा कई कार्यकर्ताओं और समर्थकों की उपस्थिति रही। सभी ने मिलकर आपदा प्रभावित लोगों की स्थिति पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया और उनके पुनर्वास हेतु हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
