डलहौजी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, निजी होटल से चिट्टा व नगदी सहित दो सगे भाई तस्कर गिरफ्तार

डलहौजी/ चम्बा 20 जुलाई मुकेश कुमार ( गोल्डी)
गुप्त सूचना के आधार पर आज डलहौजी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए दो नशा तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना प्रभारी जगबीर सिंह के नेतृत्व में की गई, जिसमें पुलिस दल ने सुभाष चौक स्थित एक निजी होटल में छापा मारा। छापेमारी के दौरान पुलिस ने होटल में ठहरे पंजाब के अमृतसर निवासी दो सगे भाइयों से 3.25 ग्राम चिट्टा, नकदी, फाइल पेपर, जले हुए नोट और सिगरेट लाइटर बरामद किए हैं।पकड़े गए आरोपियों की पहचान 40 वर्षीय अरजेंद्र और 36 वर्षीय पवन, पुत्र हरबंस लाल निवासी अमृतसर, पंजाब के रूप में हुई है।

दोनों आरोपी एक निजी होटल में ठहरे हुए थे और इलाके में नशे की खेप को खपा चुके थे जो बची थी उसे खपाने के चक्कर में थे । प्रभारी जगबीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें सूत्रों से सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध युवक पंजाब से चिट्टा लेकर डलहौजी क्षेत्र में पहुंचे हैं और नशे की खेप को ठिकाने लगाने की कोशिश में हैं।सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस ने रणनीति बनाकर बताए गए पते पर दबिश दी और दोनों आरोपियों को मौके से रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से न केवल नशीला पदार्थ मिला, बल्कि जली हुई करेंसी और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है, जिससे यह संकेत मिलता है कि आरोपी नशे के कारोबार में लंबे समय से संलिप्त हो सकते हैं।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशा तस्करी पर रोक लगाने की दिशा में एक अहम सफलता मानी जा रही है। डलहौजी पुलिस की तत्परता और सटीक कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की है।