सांसद राजीव भारद्वाज ने किया आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा, पांच लाख की सहायता राशि की घोषणा

डलहौजी/चंबा, 30 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)

कांगड़ा-चंबा लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने आज जिला चंबा के डलहौजी विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर हाल ही में बादल फटने और भूस्खलन से प्रभावित इलाकों का जायजा लिया। सांसद सबसे पहले औसल पंचायत के समीप तलाई पहुंचे, जहां तीन दिन पूर्व बादल फटने की घटना से भारी तबाही मची थी। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका दुख-दर्द साझा किया और मौके पर हालात का गहन निरीक्षण किया।सांसद ने बताया कि इस क्षेत्र में सामुदायिक भवन पूरी तरह बह गया है।

इसके पुनर्निर्माण हेतु उन्होंने पांच लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की, जिससे ग्रामीणों को राहत मिलेगी। इसके बाद सांसद भारद्वाज डलहौजी के बकरोटा वार्ड पहुंचे, जहां हाल ही में भूस्खलन से एक घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। इस दौरान उनके साथ स्थानीय विधायक डी.एस. ठाकुर भी मौजूद रहे। उन्होंने प्रभावित परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।इसके अतिरिक्त सांसद ने डलहौजी की तिब्बतियन कॉलोनी का भी निरीक्षण किया, जहां पहाड़ खिसकने का संभावित खतरा बना हुआ है।

उन्होंने मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति का जायजा लिया और स्थानीय लोगों को आश्वस्त किया कि समस्या के समाधान हेतु प्रशासन के साथ तालमेल बनाकर शीघ्र आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।सांसद ने कहा कि कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के कई इलाके हालिया प्राकृतिक आपदा से प्रभावित हुए हैं। उन्होंने बताया कि वे लगातार प्रशासनिक अधिकारियों के संपर्क में हैं और जहां भी संभव हो पा रहा है, वहां स्वयं पहुंचकर हालात की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने आपदा प्रभावित लोगों को भरोसा दिलाया कि केंद्र और राज्य सरकार हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!