चंबा में अनोखा मामला: जिस सांप ने काटा, उसे लिफाफे में डाल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा व्यक्ति

चंबा 17 जून मुकेश कुमार ( गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला प्रकाश में आया है। यहां एक व्यक्ति को सांप ने काट लिया, लेकिन जो हुआ वह सबको चौंका गया। दरअसल, जिस सांप ने उसे डसा था, उसे ही वह व्यक्ति पकड़कर अपने साथ लिफाफे में डालकर चंबा मेडिकल कॉलेज के आपातकालीन कक्ष (इमरजेंसी) में पहुंच गया।जैसे ही वह व्यक्ति अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में दाखिल हुआ, वहां अफरा-तफरी मच गई। लोग सांप को देखकर घबरा गए। सुरक्षा के लिहाज से तुरंत कर्मचारियों ने स्थिति को नियंत्रित किया। व्यक्ति ने डॉक्टर को बताया कि उसे सांप ने काट लिया है और वह उसी सांप को पकड़कर लाया है, जिससे उसे डसने की पुष्टि हो सके।डॉक्टरों ने जब उससे पूछा कि क्या उसने सांप को डसते हुए देखा, तो व्यक्ति ने हां में जवाब दिया और कहा कि उसने तुरंत सांप को पकड़ लिया ताकि इलाज में देर न हो और डॉक्टर सही एंटी-वेनम (विषरोधी इंजेक्शन) लगा सकें।यह मामला जहां एक ओर व्यक्ति की सतर्कता और समझदारी को दर्शाता है, वहीं यह भी दिखाता है कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोग अब जागरूक हो रहे हैं और सही समय पर इलाज के लिए कदम उठा रहे हैं।मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने भी व्यक्ति की सूझबूझ की सराहना की है, वहीं विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसी स्थिति में सांप को साथ लाना जोखिम भरा हो सकता है, इसलिए इससे बचना चाहिए और तुरंत अस्पताल जाकर डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए।