मुख्यमंत्री सुक्खू ने केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव से की भेंट, आपदा प्रभावितों के पुनर्वास के लिए मांगी वन भूमि मानदंडों में छूट

शिमला, 02 अगस्त चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश में प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने आग्रह किया कि आपदा में ज़मीन और मकान गंवा चुके लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पुनर्स्थापित करने के लिए प्रदेश सरकार को वन भूमि के मानदंडों में छूट दी जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को एक-एक बीघा भूमि आवंटित कर उन्हें बसाया जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में भूस्खलन, भारी बारिश और अन्य जलवायु आपदाओं के कारण अनेक लोगों ने अपनी संपत्ति खो दी है। ऐसे में उनके लिए सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश सरकार ऐसे प्रभावितों के लिए स्थायी पुनर्वास नीति पर कार्य कर रही है, जिसमें वन भूमि का प्रयोग आवश्यक हो गया है।
इस अवसर पर आयोजित बैठक में उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, विधायक संजय अवस्थी, विधायक सुरेश कुमार, अतिरिक्त मुख्य सचिव (वन) के.के. पंत, प्रधान आवासीय आयुक्त अजय यादव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान पुनर्वास से संबंधित विभिन्न तकनीकी और कानूनी पहलुओं पर भी चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार से प्रदेश के हित में शीघ्र सकारात्मक निर्णय की अपेक्षा जताई और हिमाचल को आपदा पुनर्वास के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया।