चंबा में विश्व हेपेटाइटिस दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने दी जानकारी, छात्र-छात्राओं ने लिया उत्साहपूर्वक भाग

चंबा, 28 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज चंबा में जिला स्तरीय विश्व हेपेटाइटिस दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विपिन ठाकुर ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए लोगों को हेपेटाइटिस के बारे में जागरूक किया। उन्होंने बताया कि हर वर्ष 28 जुलाई को यह दिवस मनाया जाता है ताकि इस रोग से जुड़ी जानकारी जनसामान्य तक पहुंचे।उन्होंने बताया कि हेपेटाइटिस एक गंभीर लिवर रोग है, जो वायरल संक्रमण, दूषित भोजन-पानी, संक्रमित रक्त व असुरक्षित यौन संबंधों के माध्यम से फैल सकता है।

यह रोग लिवर फेल्योर, लिवर कैंसर और सिरोसिस का कारण बन सकता है। भारत में इसकी जागरूकता की कमी के कारण यह एक “साइलेंट किलर” बन चुका है।डॉ. ठाकुर ने हेपेटाइटिस A, B, C, D और E के विभिन्न प्रकारों की जानकारी दी और बताया कि हेपेटाइटिस A व E मानसून में अधिक सक्रिय रहते हैं जबकि हेपेटाइटिस B और C ज्यादा गंभीर होते हैं। उन्होंने कहा कि साफ पानी, स्वच्छ खानपान, वैक्सीनेशन, और सतर्कता ही बचाव के प्रमुख उपाय हैं।कार्यक्रम के दौरान मेडिकल कॉलेज की छात्राओं के बीच भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें अंश आदित्य ने प्रथम, शशांक जोशी ने द्वितीय और विजेता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. उमर जलाली, डॉ. हरित पुरी, सी.आर. ठाकुर तथा स्वास्थ्य शिक्षक होशियार सिंह सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को समय पर जांच, इलाज और वैक्सीन के प्रति जागरूक करना रहा।
