चंबा चमेरा-III डैम से 22 जुलाई रात्रि से 23 जुलाई दोपहर तक छोड़ा जाएगा पानी, प्रशासन ने दी चेतावनी

चंबा, 21 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा जिले के खड़ामुख स्थित चमेरा-III जलविद्युत परियोजना से संबंधित एक महत्वपूर्ण सूचना सामने आई है। परियोजना के अंतर्गत 22 जुलाई की रात 11 बजे से 23 जुलाई दोपहर 1 बजे तक पानी छोड़ा जाएगा। यह कार्य सिल्ट फ्लशिंग प्रक्रिया के तहत किया जाएगा, जो कि डैम में एकत्रित अतिरिक्त जल प्रवाह पर निर्भर करेगा। इस बाबत जानकारी चमेरा-III पावर स्टेशन के प्रमुख (विद्युत) राजिल व्यास कुमार ने दी।उन्होंने बताया कि सिल्ट फ्लशिंग के दौरान डैम के गेट क्रमशः खोले जाएंगे और पानी को धीरे-धीरे छोड़ा जाएगा जब तक कि रावी नदी में फ्री फ्लो की स्थिति नहीं आ जाती। इस दौरान रावी नदी में जल स्तर के अचानक बढ़ने की आशंका है, जिससे निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा विशेष सावधानी बरती जा रही है। पानी छोड़े जाने से पहले सायरन और हूटर बजाकर लोगों को अलर्ट किया जाएगा। इसके साथ ही गाड़ियों के माध्यम से मुनादी कर प्रचार किया जाएगा। संबंधित ग्राम पंचायतों के प्रधानों को भी समय रहते व्हाट्सएप और एसएमएस के माध्यम से सूचित किया जाएगा।चमेरा-III डैम के निचले इलाकों में निवास करने वाले नागरिकों से अनुरोध है कि वे इस अवधि के दौरान नदी के किनारे न जाएं और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी संबंधित विभाग सतर्क हैं।