उपायुक्त कांगड़ा ने देहरा स्थित लघु सचिवालय का किया औचक निरीक्षण

उपायुक्त कांगड़ा ने देहरा स्थित लघु सचिवालय का किया औचक निरीक्षण

कांगड़ा, 6 अगस्त चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने बुधवार को देहरा स्थित लघु सचिवालय का औचक निरीक्षण कर विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयों की साफ-सफाई, कर्मचारियों की उपस्थिति, फाइलों के रख-रखाव, ऑडिट रजिस्टर, सोसाइटी रजिस्टर तथा आमजन को दी जा रही सेवाओं की गुणवत्ता की विस्तार से जांच की।उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे समय पर कार्यालय पहुंचें और ईमानदारी तथा पारदर्शिता के साथ जनता को सेवाएं प्रदान करें। उपायुक्त ने नागरिक सेवाओं की प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और सुगम बनाने पर जोर देते हुए कहा कि आमजन की सुविधा ही प्रशासन की प्राथमिकता है।

राजस्व संबंधित मामलों में तेजी लाने की आवश्यकता पर बल देते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता से जुड़े कार्यों का तत्परता से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने यह भी कहा कि सभी लंबित मामलों का शीघ्र समाधान किया जाए।उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य जन सेवा है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में इस प्रकार के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे ताकि सरकारी कार्यप्रणाली में सुधार सुनिश्चित किया जा सके और जवाबदेही तय हो सके।निरीक्षण के दौरान प्रोबेशनर अधिकारी दिव्या, एसडीएम देहरा कुलवंत सिंह पोटन, तहसीलदार कर्म चंद कालिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!