पांगी घाटी के युवाओं को बस-ट्रैवलर परमिट और 40 प्रतिशत अनुदान का लाभमुख्य,मंत्री सुक्खू की घोषणा को अमली जामा, रोड टैक्स में भी मिलेगी चार माह की छूट

चम्बा/किलाड़, 6 नवम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा हिमाचल दिवस 15 अप्रैल, 2025 के अवसर पर की गई ऐतिहासिक घोषणा अब साकार रूप ले रही है। मुख्यमंत्री ने उस अवसर पर जनजातीय उपमंडल पांगी के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से बस-ट्रैवलर परमिट जारी करने और अनुदान प्रदान करने की घोषणा की थी। इस घोषणा के अनुरूप अब उपमंडलीय प्रशासन पांगी ने इच्छुक युवाओं से आवेदन आमंत्रित किए हैं।उपमंडल अधिकारी (नागरिक) रमन घरसगी ने जानकारी दी कि योजना के अंतर्गत स्थानीय युवाओं को बस या ट्रैवलर खरीदने पर 40 प्रतिशत तक का अनुदान दिया जाएगा। इसके साथ ही चार माह की अवधि के लिए रोड टैक्स में भी छूट प्रदान की जाएगी। यह पहल न केवल पांगी घाटी में परिवहन सेवाओं को सुदृढ़ करेगी बल्कि स्थानीय स्तर पर युवाओं के लिए स्व-रोजगार के नए द्वार भी खोलेगी।उन्होंने बताया कि इच्छुक उम्मीदवार अपने पहचान प्रमाण के साथ 10 नवम्बर, 2025 तक उपमंडल अधिकारी (नागरिक), पांगी के कार्यालय किलाड़ में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। योजना का उद्देश्य घाटी के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना और परिवहन सुविधाओं को सुगम बनाना है, जिससे स्थानीय जनता को आवागमन में भी सुविधा प्राप्त होगी।मुख्यमंत्री सुक्खू की यह घोषणा जनजातीय क्षेत्र के विकास और युवाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक सार्थक कदम मानी जा रही है, जिससे पांगी घाटी में आर्थिक गतिविधियों को भी नया बल मिलेगा।