डलहौजी में भी आयोजित होगा मिंजर विसर्जन समारोह, शोभायात्रा कल दोपहर 3 बजे

डलहौजी/चम्बा 2 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
मुख्य मिंजर मेले की तर्ज पर डलहौजी उपमंडल में भी इस वर्ष मिंजर विसर्जन समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह जानकारी उपमंडल अधिकारी नागरिक (एसडीएम) डलहौजी अनिल भारद्वाज ने दी। उन्होंने बताया कि यह पारंपरिक आयोजन स्थानीय जनभावनाओं और संस्कृति को सम्मान देते हुए किया जा रहा है।उपमंडल अधिकारी ने बताया कि मिंजर विसर्जन की यह शोभायात्रा कल यानी 3 अगस्त को दोपहर 3 बजे रघुनाथ मंदिर डलहौजी से शुरू होगी और शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई पंजपुला में संपन्न होगी, जहां मिंजर का पारंपरिक रूप से विसर्जन किया जाएगा।

इस शोभायात्रा में स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न संस्थाओं के सदस्य, स्कूली बच्चे, स्थानीय निवासी तथा पर्यटक भी भाग लेंगे।एसडीएम अनिल भारद्वाज ने सभी स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों से इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में भाग लेने की अपील की है और अनुरोध किया है कि वे कल दोपहर ठीक 3 बजे रघुनाथ मंदिर डलहौजी में एकत्रित हों ताकि शोभायात्रा समय पर शुरू हो सके।इस आयोजन के सफल संचालन के लिए सुरक्षा, यातायात और अन्य आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं। प्रशासन द्वारा यह भी अपील की गई है कि सभी लोग स्वच्छता और अनुशासन का भी विशेष ध्यान रखें।