विधानसभा सत्र के बीच विधायक डीएस ठाकुर कल पहुंचेंगे बनीखेत, आपदा प्रभावित क्षेत्रों का लेंगे जायजा

विधानसभा सत्र के बीच विधायक डीएस ठाकुर कल पहुंचेंगे बनीखेत, आपदा प्रभावित क्षेत्रों का लेंगे जायजा

डलहौजी/ चम्बा 28 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)

राज्य विधानसभा का चौदहवीं विधानसभा का नौवां सत्र 2 सितंबर तक चलना है, जो अभी जारी है। इसी बीच डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डीएस ठाकुर कल बनीखेत पहुंचकर आपदा प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेंगे।गौरतलब है कि बीते दिनों क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। कई स्थानों पर बादल फटने की घटनाओं ने भारी तबाही मचाई है। तेज बारिश के चलते जहां ग्रामीण मार्ग और मुख्य सड़कों को क्षति पहुंची है, वहीं अनेक रिहायशी मकान आंशिक या पूर्ण रूप से प्रभावित हुए हैं। खेत-खलिहान बह जाने से किसानों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ा है। इसके अलावा पेयजल आपूर्ति, बिजली आपूर्ति और दूरसंचार सेवाएं बुरी तरह बाधित हुई हैं।विधायक डीएस ठाकुर इस दौरान प्रभावित इलाकों का दौरा कर नुकसान का आकलन करेंगे और स्थानीय लोगों की समस्याओं को नजदीक से समझेंगे। विधायक ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान को लेकर सरकार और प्रशासन तक जनता की पीड़ा को पहुंचाना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और पुनर्वास कार्यों को गति देने के लिए वे विधानसभा और संबंधित विभागों के समक्ष ठोस पहल करेंगे।स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि विधायक की इस यात्रा से राहत और पुनर्वास कार्यों में तेजी आएगी और लंबे समय से प्रभावित हो रही मूलभूत सेवाओं की बहाली शीघ्र सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!