डलहौजी से मानवता की मिसाल, सिराज आपदा पीड़ितों की सहायता को आगे आया शिव शक्ति यूथ क्लब

डलहौजी से मानवता की मिसाल: सिराज आपदा पीड़ितों की सहायता को आगे आया शिव शक्ति यूथ क्लब

डलहौजी/चम्बा 11 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

मंडी जिले के सिराज विधानसभा क्षेत्र में हाल ही में आई भीषण प्राकृतिक आपदा ने कई लोगों की जिंदगियों को गहरे ज़ख्म दिए हैं। इस त्रासदी में अनेक परिवार बेघर हो गए हैं और कई लोगों को अपने प्रियजनों को खोने का दर्द सहना पड़ा है। इस कठिन समय में डलहौजी स्थित शिव शक्ति युथ क्लब के अध्यक्ष एवं समाजसेवी प्रवीण टंडन ने एक सराहनीय पहल करते हुए क्षेत्रवासियों से पीड़ितों की सहायता हेतु अपील की थी।प्रवीण टंडन द्वारा की गई इस मानवीय अपील पर डलहौजी की जनता ने खुले दिल से सहयोग किया। जिन भी लोगों ने अपनी मेहनत की कमाई से इस पुनीत कार्य के लिए अनुदान राशि दी, उनके प्रति प्रवीण टंडन ने गहरा आभार व्यक्त किया है।

उन्होंने बताया कि एकत्रित की गई धनराशि तथा उनकी व्यक्तिगत ओर से दी गई सहायता से 200 महिलाओं के लिए सूट, 200 पुरुषों के लिए ट्रैकसूट, 200 जोड़ी चप्पलें तथा छोटे बच्चों के लिए जूते खरीदे गए।इन सभी आवश्यक वस्तुओं को पूर्व मुख्यमंत्री एवं सिराज क्षेत्र के विधायक जयराम ठाकुर के माध्यम से पीड़ित परिवारों तक पहुंचाया गया। यह पहल केवल एक राहत सामग्री वितरण नहीं बल्कि एक मजबूत सामाजिक सहयोग की भावना का परिचायक भी है।प्रवीण टंडन ने बताया कि सिराज क्षेत्र में कई मासूम बच्चों ने अपने माता-पिता को खो दिया है, जबकि अनेक परिवारों के पास अब रहने के लिए घर नहीं बचा है। यह दृश्य अत्यंत मर्मांतक और हृदय विदारक था।

शिव शक्ति युथ क्लब के अध्यक्ष ने एक बार फिर क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे आगे आकर अधिक से अधिक मदद करें ताकि प्रभावित परिवार अपने जीवन को फिर से पटरी पर ला सकें। उन्होंने कहा, “हमारी छोटी-छोटी मदद किसी के लिए जीवन की एक नई उम्मीद बन सकती है।”डलहौजी की इस मानवीय पहल ने यह साबित कर दिया है कि जब भी समाज पर संकट आता है, इंसानियत की भावना हर बाधा को पार कर जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!