श्री मणिमहेश यात्रा को लेकर तैयार होगी विशेष एसओपी :- विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया

श्री मणिमहेश यात्रा को लेकर तैयार होगी विशेष एसओपी :- विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया

चंबा, 19 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने आगामी श्री मणिमहेश यात्रा से पूर्व श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने के निर्देश दिए हैं। बीते कल बचत भवन में आयोजित जिला स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्राकृतिक आपदाओं से हुई क्षति और पुनर्वास कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। इस अवसर पर विधायक नीरज नैय्यर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।पठानिया ने कहा कि यात्रा मार्ग पर आधारभूत ढांचे, चिकित्सा एवं संचार सेवाओं, परिवहन व्यवस्था और आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।

उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील क्षेत्रों में अवैध डंपिंग पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए तथा नदी-नालों और जल विद्युत परियोजनाओं के जलाशयों के समीप हो रहे भूमि कटाव के दीर्घकालिक समाधान के लिए ठोस कार्य योजना तैयार कर राज्य सरकार को भेजी जाए।उन्होंने जानकारी दी कि विभिन्न विभागों—लोक निर्माण, जल शक्ति, विद्युत बोर्ड, कृषि, बागवानी और राष्ट्रीय उच्च मार्ग—को अब तक 710 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। इन परियोजनाओं के पुनर्निर्माण पर अनुमानित लागत मौजूदा क्षति से चार गुना अधिक खर्च करनी होगी।बैठक में विधायक नीरज नैय्यर ने ग्रामीण संपर्क सड़कों की शीघ्र बहाली और भू-संरक्षण के लिए राजीव गांधी वन संरक्षण योजना के तहत कार्य शीघ्र शुरू करने पर बल दिया। कांग्रेस नेता यशवंत खन्ना ने आपदा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास का मुद्दा उठाया।इससे पूर्व उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से मानसून सीजन के दौरान हुई क्षति की जानकारी साझा की।

उन्होंने बताया कि अब तक 957 घर प्रभावित हुए हैं, जिनमें से 90 घर पूर्ण रूप से नष्ट हुए हैं जबकि 781 घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। प्रभावित परिवारों को 18 लाख रुपये की तत्काल राहत राशि वितरित की जा चुकी है।बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव, मुख्य वन अरण्यपाल राकेश कुमार, एडीएम अमित मेहरा, एसडीएम नागरिक प्रियांशु खाती, सीएमओ डॉ. विपिन ठाकुर, एमएस डॉ. जेएस भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!