चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग का निरीक्षण, खड़ामुख व गैहरा में खुलेंगे एचपीएमसी खरीद केंद्र :- जगत सिंह नेगी

चंबा, 30 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास तथा जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने अपने जिला प्रवास के दूसरे दिन चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग 154-ए के क्षतिग्रस्त हिस्सों का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने दुनाली से भरमौर तक पैदल यात्रा कर विभिन्न स्थलों पर हुए नुकसान का आकलन किया और प्रशासनिक अधिकारियों व राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को शीघ्र बहाली हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।नेगी ने सुबह 5 बजे दुनाली से खड़ामुख होते हुए भरमौर तक पैदल मार्ग तय किया। इस दौरान वे सेटेलाइट फोन के माध्यम से जिला प्रशासन और विभागीय अधिकारियों के निरंतर संपर्क में रहे तथा सड़क क्षति और बहाली कार्यों की स्थिति पर जानकारी देते रहे।

उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से भी बातचीत कर मार्ग बहाली के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की और सुझाव प्रस्तुत किए।भरमौर पहुंचकर मंत्री ने स्थानीय लोगों और मणिमहेश यात्रा पर आए श्रद्धालुओं से संवाद किया। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि आपदा की इस घड़ी में प्रदेश सरकार हर संभव मदद करने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही, उपमंडल प्रशासन से आपदा से हुए नुकसान का ब्यौरा भी लिया।बागवानी विभाग से संबंधित बड़ी घोषणा करते हुए मंत्री ने बताया कि अगले दो से तीन दिनों में खड़ामुख और गैहरा में एचपीएमसी के खरीद केंद्र खोले जाएंगे। यहां स्थानीय बागवानों से सी-ग्रेड सेब 12 रुपए प्रति किलो की दर पर खरीदा जाएगा।

उन्होंने कहा कि इससे आपदा प्रभावित किसानों को सीधी राहत मिलेगी।नेगी ने यह भी जानकारी दी कि राष्ट्रीय राजमार्ग की बहाली के लिए बड़े स्तर पर मशीनरी एयरलिफ्ट करने पर विचार किया जा रहा है। वहीं, क्षेत्र में कार्यरत जेएसडब्ल्यू कंपनी ने सड़क बहाली हेतु एक पोकलेन मशीन उपलब्ध करवाई है और शीघ्र ही दूसरी मशीन देने का आश्वासन दिया है।