विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया 6 से 8 सितंबर तक होंगे चंबा प्रवास पर

चंबा, 04 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया 6 से 8 सितंबर तक तीन दिवसीय चंबा प्रवास पर रहेंगे। विभागीय प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि उनके प्रवास कार्यक्रम के अनुसार विधानसभा अध्यक्ष 5 सितंबर को सायं 8 बजे सिहुंता पहुंचेंगे।6 सितंबर को वे विधानसभा क्षेत्र भटियात के मेल-चुहान और समलेऊ में जाकर हाल ही में बाढ़ से प्रभावित इलाकों का निरीक्षण करेंगे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुनेंगे। इस दौरान वे राहत और पुनर्वास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा करेंगे।7 सितंबर को विधानसभा अध्यक्ष मानसून के दौरान बारिश से प्रभावित परिवारों से सीधे मुलाकात करेंगे और उनकी आवश्यकताओं व परेशानियों को समझने का प्रयास करेंगे। इसके बाद दोपहर बाद वे चुवाड़ी पहुंचेंगे, जहां नाग मंढोर मंदिर में आयोजित होने वाले पारंपरिक जात्रा मेले में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। यह मेला स्थानीय आस्था और संस्कृति का महत्वपूर्ण प्रतीक माना जाता है और विधानसभा अध्यक्ष की उपस्थिति से आयोजन की गरिमा और बढ़ेगी।प्रवक्ता ने आगे बताया कि 8 सितंबर को विधानसभा अध्यक्ष सिहुंता क्षेत्र का दौरा करेंगे। यहां वे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करेंगे और स्थानीय प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे ताकि प्रभावित परिवारों को शीघ्र सहायता मिल सके।विधानसभा अध्यक्ष का यह दौरा आपदा प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को राहत और भरोसा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रवास कार्यक्रम के अनुसार वे 9 सितंबर को प्रातः 11:30 बजे सिहुंता से शिमला के लिए रवाना होंगे।