विधायक डी.एस. ठाकुर ने एनएचपीसी क्षेत्रीय कार्यालय में की बैठक, बारिश से हुए नुकसान पर जताई चिंता

डलहौजी/चम्बा 30 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डी.एस. ठाकुर ने आज एनएचपीसी क्षेत्रीय कार्यालय बनीखेत में कार्यपालक निदेशक ओमप्रकाश के साथ बैठक कर क्षेत्र में हाल ही में हुई भारी बारिश से हुए नुकसान को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की। इस बैठक में विधायक ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से सड़कों, ग्रामीण इलाकों और शैक्षणिक संस्थानों को भारी नुकसान हुआ है, जिससे आम जनमानस का जीवन प्रभावित हुआ है।
विधायक ने कार्यपालक निदेशक से आग्रह किया कि एनएचपीसी क्षेत्राधिकार में आने वाली मुख्य सड़कों — बगढार-खैरी, गोली-चौहड़ा, चौहड़ा-शरेपुर और चौहड़ा-सुरंगानी — को शीघ्र बहाल किया जाए ताकि प्रभावित गांवों का संपर्क मार्ग सुचारु रूप से बहाल हो सके। उन्होंने कहा कि इन सड़कों के बंद रहने से न केवल ग्रामीणों को आवागमन में दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाओं पर भी प्रतिकूल असर पड़ा है।

इसी दौरान विधायक ठाकुर ने एनएचपीसी परिक्षेत्र में स्थित ग्राम ककीयन्ना, चौहड़ा, सुरंगानी, शरेपुर और सिमनी में हुए भारी नुकसान का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इन गांवों के अलावा कई विद्यालयों की इमारतों को भी गंभीर क्षति पहुँची है, जिससे बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। विधायक ने एनएचपीसी प्रबंधन से आग्रह किया कि कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) मद के अंतर्गत प्रभावित ग्रामीणों और संस्थानों को यथाशीघ्र सहायता प्रदान की जाए।
उन्होंने आशा व्यक्त की कि एनएचपीसी क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते हुए प्रभावित सड़कों और बुनियादी ढांचे की मरम्मत जल्द सुनिश्चित करेगा, ताकि स्थानीय लोगों को राहत मिल सके और सामान्य जीवन पुनः पटरी पर लौट सके।
