सुंदर नगर-चम्बा एचआरटीसी रूट अब वाया लाहड़ू होकर संचालित होगा

सुंदर नगर-चम्बा एचआरटीसी रूट अब वाया लाहड़ू होकर संचालित होगा

भटीयात /चुवाडी़ 16 अगस्त बबलू पठानिया

सुंदरनगर से चम्बा तक चलने वाली एचआरटीसी की पुरानी और महत्वपूर्ण बस सेवा अब नए मार्ग से संचालित होगी। दुनेरा मार्ग पर सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण पठानकोट–चम्बा वाया दुनेरा यातायात पूरी तरह अवरुद्ध है। ऐसे में अब यह बस सेवा लाहड़ू (जो चुवाड़ी से कुछ पीछे पड़ता है) होते हुए बनीखेत पहुंचेगी और वहां से चम्बा जाएगी।

एचआरटीसी ने निर्णय लिया है कि सुंदरनगर–चम्बा रूट सहित सभी संबंधित रूट इसी रास्ते का अनुसरण करेंगे। यह बस पहले धर्मशाला से होकर नूरपुर, जसूर और पठानकोट पहुंचेगी। इसके बाद जसूर, नूरपुर होते हुए लाहड़ू मार्ग से बनीखेत होकर चम्बा पहुंचेगी।सुंदरनगर से चम्बा जाने वाली यह सेवा मंडी से पठानकोट के बीच सबसे तेज और सुविधाजनक बस सेवाओं में मानी जाती है।

खास बात यह है कि यह बस धर्मशाला होकर जाने के बावजूद मंडी से पठानकोट की यात्रा मात्र सात घंटे में पूरी कर लेती है। यही कारण है कि यह रूट एचआरटीसी सुंदरनगर डिपो का सबसे पुराना और फायदेमंद मार्ग माना जाता है।बस सुंदरनगर से शाम 5:15 बजे रवाना होती है। मंडी से यह 6:30 बजे, जोगिंद्रनगर से रात 9 बजे, बैजनाथ से रात 9:30 बजे, पालमपुर से 10:15 बजे और धर्मशाला से रात 11:15 बजे चलती है।

पठानकोट से यह बस रात 1:45 बजे प्रस्थान करती है और उसके बाद बनीखेत होते हुए सुबह चम्बा पहुंचती है।इस बदलाव से यात्रियों को थोड़ी अतिरिक्त दूरी अवश्य तय करनी पड़ेगी, लेकिन दुनेरा मार्ग बंद होने के चलते लाहड़ू होकर जाना फिलहाल सबसे सुरक्षित और व्यावहारिक विकल्प है। एचआरटीसी ने यात्रियों से सहयोग की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!