दयार मोली में लैंडस्लाइड से तीन घर खतरे की जद में, चार परिवार सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट

दयार मोली में लैंडस्लाइड से तीन घर खतरे की जद में, चार परिवार सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट

शिमला 31 अगस्त चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

रोहड़ू उपमंडल के दयार मोली गांव में बीती रात हुई भारी बारिश के बाद लैंडस्लाइड से तीन मकान खतरे की जद में आ गए। स्थिति को गंभीर देखते हुए प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया।उपमंडलाधिकारी रोहड़ू रमेश धमोत्रा स्वयं रात को करीब साढ़े आठ बजे मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायज़ा लिया। उन्होंने बताया कि प्रभावित कुलदीप, संदीप, प्रदीप और सोन्फू राम के परिवारों के कुल दस सदस्यों को गांव में ही सुरक्षित घरों में अस्थायी रूप से ठहराया गया है। इस दौरान लैंडस्लाइड से दो गौशालाएं पूरी तरह दब गईं, जिनमें दो गाय और एक भेड़ दबने की भी सूचना है।एसडीएम ने कहा कि शिकड़ी खड्ड के पास पानी का स्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

एहतियात के तौर पर प्रशासन ने इंडोर स्टेडियम में शेल्टर होम की व्यवस्था की है। यहां प्रभावित परिवारों के लिए रहने, खाने और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि किसी को खतरे का अंदेशा हो तो तुरंत प्रशासन से संपर्क करें और आवश्यकता पड़ने पर शेल्टर होम का उपयोग करें।प्रशासन की तत्परता से समय रहते परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर लिया गया, जिससे किसी बड़ी जनहानि को टाला जा सका। स्थानीय लोग भी प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!