हिमाचल पुलिस–PNB के बीच एमओयू का विस्तार, पुलिस कर्मियों व पेंशनर्स को मिलेंगे बढ़े हुए बीमा लाभ

शिमला, 20 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश पुलिस और पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) का विस्तार किया गया है। इस पहल से प्रदेश पुलिस के सेवारत अधिकारियों, जवानों और पेंशनभोगियों को पहले से अधिक वित्तीय सुरक्षा और बीमा सुविधाएँ प्राप्त होंगी। नया समझौता पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों के सामाजिक-आर्थिक संरक्षण को और मजबूत करने वाला साबित होगा।नए प्रावधानों के अंतर्गत अब पुलिस कर्मियों की लाइफ इंश्योरेंस कवरेज को 50 लाख रुपये से बढ़ाकर 1 करोड़ रुपये कर दिया गया है। वहीं नेचुरल डेथ कवर के तहत सभी अधिकारियों को 5 लाख रुपये का लाभ मिलेगा। दुर्घटनावश मृत्यु की स्थिति में बीमा राशि पूर्व के 1 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 1.50 करोड़ रुपये कर दी गई है।

स्थायी विकलांगता (Permanent Total Disability) की स्थिति में सेवारत पुलिस कर्मियों को 1 करोड़ रुपये और पेंशनभोगियों को 50 लाख रुपये की सुविधा प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त, गर्ल चाइल्ड मैरिज कवर के अंतर्गत 1.5 लाख रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध होगी। पेंशनर्स के लिए भी 50 लाख रुपये का जीवन बीमा कवर सुनिश्चित किया गया है।इस अवसर पर पुलिस विभाग ने दोहराया कि संगठन का प्राथमिक उद्देश्य अपने कर्मियों और उनके परिजनों को मानसिक सुकून और आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है, ताकि वे निश्चिंत होकर जनता की सेवा कर सकें।

अधिकारियों का कहना है कि यह समझौता न केवल पुलिस परिवारों के आत्मविश्वास को बढ़ाएगा बल्कि उन्हें स्थिरता भी प्रदान करेगा।PNB के साथ हुए इस MOU विस्तार से यह स्पष्ट होता है कि हिमाचल पुलिस अपने कर्मियों और पेंशनर्स के कल्याण के लिए निरंतर सार्थक प्रयास कर रही है। यह कदम संगठन और उसके परिवारों के बीच विश्वास और सुरक्षा की भावना को और प्रगाढ़ करेगा।