प्रधान मंत्री विश्वकर्मा योजना के लंबित आवेदनों पर समीक्षा बैठक आयोजित

चम्बा, 21 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपायुक्त चम्बा मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में आज जिला उद्योग केंद्र चम्बा के तत्वावधान में प्रधान मंत्री विश्वकर्मा योजना से जुड़े लंबित आवेदनों की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिला में योजना के तहत पंजीकृत लाभार्थियों को समय पर लाभ पहुंचाने और शेष प्रक्रियाओं को गति प्रदान करना रहा।बैठक के दौरान उपायुक्त ने जानकारी दी कि भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय द्वारा चलाई जा रही यह महत्वाकांक्षी योजना पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों के कौशल को निखारने और उनकी आजीविका को सशक्त बनाने के लिए आरंभ की गई है।

योजना के अंतर्गत कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय द्वारा 18 पारंपरिक क्षेत्रों — जैसे मोची का कार्य, टोकरी एवं माला बनाना, मछली जाल निर्माण, मूर्तिकला और अन्य शिल्पकला — को शामिल किया गया है।कारीगरों को इस योजना के तहत प्रशिक्षण, आधुनिक टूल किट्स, प्रशिक्षण अवधि के दौरान भत्ता, बिना ब्याज ऋण सुविधा और विपणन में सहयोग उपलब्ध करवाया जा रहा है।उपायुक्त ने बताया कि जिला चम्बा में अब तक 719 लाभार्थियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जबकि 233 कारीगरों को टूल किट्स वितरित की गई हैं।

इसके अतिरिक्त 30 लाभार्थियों को ऋण प्रदान किया गया है। जिला स्तर पर 1450 पंजीकरण सफलतापूर्वक पूर्ण किए जा चुके हैं और जल्द ही इनके लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आरंभ किए जाएंगे।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना से जुड़े सभी लंबित मामलों को प्राथमिकता से निपटाया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों तक समय पर योजनागत सुविधाएं पहुंच सकें।इस अवसर पर जिला उद्योग केंद्र चम्बा के महाप्रबंधक मनीत कुमार चौधरी सहित संबंधित विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।