रावमा विद्यालय सिंहुता में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया रहे मुख्यातिथि

रावमा विद्यालय सिंहुता में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित, विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया रहे मुख्यातिथि

भटियात/ चुवाडी़ 09 दिसंबर बबलू पठानीया

भटियात उपमंडल के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिंहुता में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। समारोह में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर विद्यार्थियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में अभिभावक और स्थानीय क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।अपने संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार शिक्षा में गुणात्मक सुधार और ढांचागत विकास के लिए निरंतर ठोस कदम उठा रही है।

गरीब बच्चों को उच्च शिक्षा में समान अवसर देने के लिए सरकार हरसंभव सहायता प्रदान कर रही है। उन्होंने बताया कि अगले वित्त वर्ष से प्रदेश के करीब 100 स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम शुरू किया जाएगा, जिनमें भटियात विधानसभा क्षेत्र के तीन स्कूल शामिल हैं। इनमें रावमा सिंहुता का चयन होना क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।उन्होंने भटियात विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि बीते अढ़ाई वर्षों में 35 ग्रामीण सड़कों का निर्माण पूर्ण किया जा चुका है तथा लगभग 35 अन्य सड़कों के निर्माण कार्य प्रगति पर हैं। वर्ष 2027 के अंत तक लगभग 125 ग्रामीण सड़कों का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। लोक निर्माण विभाग के माध्यम से 220 करोड़ और जल शक्ति विभाग के माध्यम से लगभग 200 करोड़ रुपये की विकास योजनाएं आरंभ की गई हैं।

विद्युत आपूर्ति को सुदृढ़ करने हेतु 50 करोड़ रुपये की लागत से ककरोटी घट्टा में 33 केवी का नया सबस्टेशन स्थापित किया जा रहा है। वहीं, सिंहुता-लाहड़ू डबल लेन सड़क जून 2026 तक पूर्ण होगी।विधानसभा अध्यक्ष ने समाज में बढ़ते नशे पर चिंता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों, अभिभावकों और युवाओं से नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए विद्यालय को 31 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।इस अवसर पर विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्रधानाचार्य पवन कुमार ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों की जानकारी दी। समारोह में कई गणमान्य अतिथि, अधिकारी और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि ने मेधावी विद्यार्थियों और सांस्कृतिक प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!