मातृ-शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने के लिए चंबा में किलकारी मोबाइल अकेडमी का प्रशिक्षण शिविर आयोजित

मातृ-शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने के लिए चंबा में किलकारी मोबाइल अकेडमी का प्रशिक्षण शिविर आयोजित

चंबा, 11 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)


स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग चंबा द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के सहयोग से ARMMAN संस्था द्वारा संचालित किलकारी मोबाइल अकेडमी के एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन आज किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. विपन ठाकुर ने की।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि किलकारी भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की एक महत्वपूर्ण पहल है, जो मोबाइल तकनीक के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं की माताओं को मोबाइल पर नियमित रूप से आवाज़ संदेशों के माध्यम से आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और परामर्श प्रदान किया जाता है।

डॉ. विपन ठाकुर ने कहा कि किलकारी ने ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं तक सही और समय पर स्वास्थ्य जानकारी पहुँचाने में एक नई मिसाल कायम की है। अब इस तकनीक को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों तक पहुँचाकर सेवाओं की गुणवत्ता और प्रभावशीलता को और अधिक मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित पहलें स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ और प्रभावशाली बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं।

इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कविता महाजन, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हरीश पुरी, ARMMAN संस्था के राज्य प्रतिनिधि श्री दिग्विजय सिंह, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवदीप राठौर, डॉ. सुनील कक्कड़, डॉ. दीपेश, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. पदमा अग्रवाल, डॉ. विवेक सहित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर और डेटा एंट्री ऑपरेटर उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से प्रतिभागियों को किलकारी मोबाइल अकेडमी की कार्यप्रणाली, उपयोग विधि और लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!