वंदे मातरम गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने पर पीआईबी सहित केंद्रीय कार्यालयों में सामूहिक गायन

वंदे मातरम गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने पर पीआईबी सहित केंद्रीय कार्यालयों में सामूहिक गायन

शिमला, 7 नवंबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)


राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम” के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज देशभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी कड़ी में पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) और केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी) शिमला द्वारा कार्यालय परिसर में संगीतमय सामूहिक गायन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पीआईबी और सीबीसी के समस्त अधिकारी, कलाकार तथा कर्मचारी उपस्थित रहे और देशभक्ति से ओतप्रोत वातावरण में एक साथ वंदे मातरम का गायन किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पत्र सूचना कार्यालय के सहायक निदेशक श्री संजीव शर्मा ने की। उन्होंने बताया कि नई दिल्ली में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने आज वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर स्मरण उत्सव का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य देशभर में राष्ट्रीय गीत के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को पुनर्स्मरण करना है।

हिमाचल प्रदेश के विभिन्न केंद्रीय कार्यालयों — जैसे दूरदर्शन केंद्र शिमला, आकाशवाणी, केंद्रीय विद्यालय, सैन्य प्रशिक्षण कमान, केंद्रीय आलू अनुसंधान संस्थान तथा भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण — में भी वंदे मातरम का सामूहिक गायन किया गया। पूरे प्रदेश में इस कार्यक्रम ने देशभक्ति की भावना को एक नई ऊर्जा प्रदान की।

गौरतलब है कि “वंदे मातरम” गीत बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित है और यह भारत की स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणा का प्रतीक रहा है। यह गीत राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को प्रबल करता है।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल हमारी सांस्कृतिक धरोहर को सशक्त बनाते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को भी देश के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का अवसर प्रदान करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!