जिला अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ चंबा की बैठक में नई कार्यकारिणी का गठन

जिला अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ चंबा की बैठक में नई कार्यकारिणी का गठन

चंबा, 12 नवम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिला अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ चंबा की एक महत्वपूर्ण बैठक आज बचत भवन चंबा में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता पूर्व जिला अध्यक्ष अजय जरयाल ने की। इस बैठक में जिला के विभिन्न विभागों से लगभग 300 कर्मचारियों ने भाग लिया।बैठक की शुरुआत में अजय जरयाल ने सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त होने के उपरांत जिला अध्यक्ष के पद से त्यागपत्र प्रस्तुत किया। इसके बाद महासंघ के संगठनात्मक एवं कर्मचारी हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

इनमें मुख्य रूप से जिला कार्यकारिणी के रिक्त पदों को भरना व कार्यकारिणी का विस्तार, 20 नवम्बर 2025 को हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ का स्थापना दिवस चंबा मुख्यालय में मनाने की योजना, कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं का समाधान तथा जिला मुख्यालय में निर्माणाधीन एन.जी.ओ. भवन का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करवाने जैसे विषय शामिल रहे।विस्तृत विचार-विमर्श के उपरांत महासंघ की नई जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें प्रवीण कुमार मेहता, जिला नाजर, उपायुक्त कार्यालय चंबा को जिला अध्यक्ष चुना गया।

मुख्य पदाधिकारियों में नरेश शर्मा (वरिष्ठ उपाध्यक्ष), परीक्षित धवन (महासचिव), पवन राणा (मुख्य सलाहकार), भूपेंद्र ठाकुर (अध्यक्ष सिटी यूनिट), रमेश अत्री, विनोद कुमार, आशीष ठाकुर, कमलेश कुमार (उपाध्यक्ष), सी.आर. भारद्वाज (कानूनी सलाहकार), नीरज कपूर (सलाहकार), सुशील कुमार सल्होत्रा (मुख्य प्रेस सचिव व जिला प्रवक्ता), अनिल कुमार (कोषाध्यक्ष), संदीप कुमार (सह कोषाध्यक्ष), केवल कृष्ण एवं कनवीर शर्मा (संयुक्त सचिव) शामिल हैं।नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष प्रवीण कुमार मेहता ने उपस्थित कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे कर्मचारी हितों की रक्षा और समस्याओं के समाधान के लिए पूर्व की भांति सक्रिय रहेंगे।

उन्होंने सभी विभागों के कर्मचारियों से आग्रह किया कि वे अपनी समस्याएं उन्हें लिखित या मौखिक रूप से अवगत कराएं ताकि संबंधित विभागाध्यक्षों से समन्वय कर समाधान सुनिश्चित किया जा सके। मेहता ने सरकार से आग्रह किया कि कर्मचारियों को समय पर वित्तीय लाभ एवं अन्य सुविधाएं प्रदान कर उनके हित में सकारात्मक निर्णय लिए जाएं। उन्होंने बताया कि महासंघ की कार्यकारिणी का आगे और विस्तार जिला के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को समुचित प्रतिनिधित्व देकर किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!