चौगान में सम्पन्न हुई 20वीं राजकुमार ब्रिजिंदर सिंह मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता, मंत्री विक्रमादित्य सिंह रहे मुख्य अतिथि

चौगान में सम्पन्न हुई 20वीं राजकुमार ब्रिजिंदर सिंह मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता, मंत्री विक्रमादित्य सिंह रहे मुख्य अतिथि

चम्बा 19 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

चंबा के ऐतिहासिक चौगान मैदान में आयोजित 20वीं राजकुमार ब्रिजिंदर सिंह मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन आज भव्य समारोह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि विधायक नीरज नैय्यर विशेष अतिथि रहे।समारोह के दौरान क्लब के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री आशा कुमारी ने मंत्री विक्रमादित्य सिंह को शाल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

मंत्री ने विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफियां और नगद पुरस्कार प्रदान किए।अपने संबोधन में विक्रमादित्य सिंह ने आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करने के साथ-साथ समाज में नशे जैसी बुराइयों के खिलाफ जागरूकता फैलाने का एक सशक्त माध्यम बन रही है। उन्होंने घोषणा की कि अगले वर्ष से टूर्नामेंट में महिला क्रिकेट टीमों को भी शामिल किया जाएगा।मंत्री ने हाल ही में आई आपदा के दौरान चंबा के लोगों द्वारा दिखाई गई एकजुटता और मानवीय संवेदनाओं की सराहना करते हुए कहा कि “चंबा का दिल सचमुच बहुत बड़ा है।” उन्होंने जिले के सर्वांगीण विकास का भरोसा भी दिलाया।

इसी दौरान स्थानीय कलाकार कर्ण कुमार के लोकगीत का विमोचन भी किया गया।विशेष अतिथि विधायक नीरज नैय्यर ने अपने संबोधन में चंबा विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-4 के तहत करीब 82 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 14 सड़कों की स्वीकृति के लिए मंत्री का धन्यवाद जताया।पूर्व मंत्री आशा कुमारी ने भी मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता पिछले दो दशकों से लगातार आयोजित की जा रही है, जो चंबा की समृद्ध खेल संस्कृति और खेल प्रेमियों की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष 140 टीमों ने प्रतियोगिता में भाग लिया।कार्यक्रम में जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष अमित भरमौरी, डीसी मुकेश रेपसवाल, मुख्य अभियंता विकास सूद सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और भारी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!