विश्व रेडक्रॉस दिवस पर चंबा में सहायता उपकरण वितरण एवं रक्तदान शिविर का आयोजन

चंबा, 8 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर एनएचपीसी चमेरा-3 परियोजना परिसर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त एवं सचिव, जिला रेडक्रॉस सोसाइटी चंबा, पृथ्वी पाल सिंह (हि.प्र.से.) ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।कार्यक्रम के दौरान विशेष रूप से सक्षम व्यक्तियों के लिए सहायता उपकरण वितरण किया गया। इस अवसर पर 60 से 100 प्रतिशत दिव्यांगता वाले तीन जरूरतमंद व्यक्तियों को व्हीलचेयर एवं तीन अन्य को श्रवण यंत्र प्रदान किए गए।

जिला रेडक्रॉस शाखा चंबा द्वारा स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से आयोजित रक्तदान शिविर में कुल 22 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।इस कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त परियोजना अधिकारी चमेरा-III द्वारा जिला रेड क्रॉस सोसाइटी चंबा को दिव्यांगजनों की सहायता के लिए 20 जोड़ी वैशाखी, 10 व्हीलचेयर एवं 30 श्रवण यंत्र प्रदान किए गए, जिन्हें मुख्य अतिथि पृथ्वी पाल सिंह को सौंपा गया। उन्होंने एनएचपीसी परियोजना अधिकारियों का आभार जताया एवं कहा कि ये उपकरण जिला के विभिन्न हिस्सों में जरूरतमंदों को वितरित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में परियोजना अधिकारी रजिल व्यास, डॉक्टर अमित आनंद, ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. सुरिंदर पॉल, तथा जिला रेडक्रॉस से लैब टेक्नीशियन योगेश शर्मा व देवेश शर्मा भी उपस्थित रहे। इस आयोजन का उद्देश्य जरूरतमंदों तक आवश्यक संसाधनों की पहुंच सुनिश्चित कर मानवीय सेवा भावना को आगे बढ़ाना था।यह आयोजन मानवता, सेवा और करुणा की भावना को समर्पित रहा, जो रेडक्रॉस आंदोलन के मूल मूल्यों को दर्शाता है।
