“स्वच्छता ही सेवा” अभियान महज़ दिखावा , डीसी चम्बा बताएं असली व्यवस्था कहाँ है :- सोनू ठाकुर

डलहौजी/चंबा, 19 सितम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक स्वच्छता ही सेवा अभियान चलाने का ऐलान किया गया है। इस पर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिला अध्यक्ष सोनू ठाकुर ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह अभियान महज़ दिखावा और फोटोशूट तक सिमट कर रह गया है।
सोनू ठाकुर ने डीसी से सीधा सवाल किया कि जिले की तहसील और उप-तहसील मुख्यालयों में कचरा उठाने व निस्तारण की ठोस व्यवस्था क्या है। उन्होंने पूछा कि कितने सेग्रीगेशन प्लांट लगाए गए और उनकी वास्तविक आउटपुट क्या है। ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रशासन केवल मीटिंग करने, भाषण देने और शपथ दिलवाने तक सीमित है जबकि जनता कचरे और गंदगी से जूझ रही है।
उन्होंने कहा कि अगर केवल बैठकें करने और कैमरे के सामने प्रतिज्ञा दिलवाने से सफाई होनी होती तो चंबा आज देश का सबसे साफ जिला होता। लेकिन वास्तविकता यह है कि प्रशासन जनता को गुमराह कर रहा है।
उन्होंने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि डीसी साहब और उनका प्रशासन केवल अखबारों और सोशल मीडिया में चमकने के लिए अभियान चला रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर हालात जस के तस हैं।
सोनू ठाकुर ने घोषणा की कि आम आदमी पार्टी जिला चंबा में “स्वच्छता व्यवस्था की पोल खोल अभियान” चलाएगी और जनता के बीच प्रशासन की नाकामी को उजागर करेगी। उन्होंने कहा कि उपायुक्त को स्पष्ट करना चाहिए कि अगले छह महीनों में सफाई व्यवस्था को लेकर उनकी ठोस योजना क्या है। यदि कोई ठोस योजना नहीं है तो यह मान लिया जाएगा कि डीसी महज़ दिखावे और कुर्सी बचाने तक सीमित हैं।
उन्होंने अंत में कहा कि अब जनता प्रशासन से सीधा जवाब चाहती है और आम आदमी पार्टी यह जवाब लेकर रहेगी।