बनीखेत में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब की 102 पेटियां बरामद, मामला दर्ज

डलहौजी/ चम्बा 24 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
डलहौजी पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक (कंटेनर) में भारी मात्रा में अवैध शराब को इलाके में ठिकाने लगाने की योजना है। सूचना के आधार पर स्थानीय पुलिस व आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने खैरी पुल पर देर रात करीब डेढ़ बजे नाकाबंदी की।सूचना के अनुसार जैसे ही संदिग्ध ट्रक एचपी 64ए – 4163 मौके पर पहुंचा, टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक से अवैध रूप से लाई जा रही कुल 102 पेटियां शराब बरामद की गईं। इनमें देसी शराब ‘ऊना नंबर वन’ की 49 पेटियां, अंग्रेजी शराब ‘रॉयल स्टैग’ की 15 पेटियां और ‘मैकडॉवेल’ की 38 पेटियां शामिल थीं।

इस कार्यवाही में पुलिस ने ट्रक चालक 30 वर्षीय कार्तिक ठाकुर, निवासी गांव व डाकघर रज्ंहु तहसील धीरा, जिला कांगड़ा को मौके पर गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह नशे की खेप चोहड़ा क्षेत्र में सप्लाई की जानी थी।

थाना प्रभारी डलहौजी, जगबीर ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस नशे के खिलाफ सख्ती से कार्य कर रही है और यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा। उन्होंने आम जनता से अपील की कि नशे के खिलाफ इस मुहिम में पुलिस का सहयोग करें।
