गोल्डन गर्ल सीमा ने फिर बजाया सफलता का डंका ,साउथ एशियन सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जीता सिल्वर मेडल

चम्बा, 26 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
चम्बा की उड़नपरी के नाम से मशहूर सीमा ने एक बार फिर अपने शानदार प्रदर्शन से जिला ही नहीं, बल्कि पूरे देश का मान बढ़ाया है। रांची में आयोजित साउथ एशियन सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में सीमा ने सिल्वर मेडल जीतकर भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन किया है।सीमा की यह उपलब्धि न केवल खेल जगत के लिए प्रेरणादायक है, बल्कि यह यह साबित करती है कि हिमाचल की बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। सीमा ने प्रतियोगिता के दौरान अपने दमदार प्रदर्शन से दर्शकों और निर्णायकों का दिल जीत लिया। फाइनल राउंड में उन्होंने कड़े मुकाबले के बीच उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया।सीमा की सफलता पर चम्बा सहित पूरे हिमाचल में हर्ष की लहर है। खेल प्रेमियों, शिक्षकों, और स्थानीय प्रशासन ने सीमा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

जिला खेल अधिकारी ने कहा कि सीमा का यह प्रदर्शन युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत है और यह दर्शाता है कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।गौरतलब है कि सीमा पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीत चुकी हैं और उन्हें “गोल्डन गर्ल” व “उड़नपरी ऑफ चम्बा” के नाम से जाना जाता है। वह लगातार अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर भारत का परचम लहरा रही हैं।सीमा ने अपनी जीत का श्रेय अपने कोच, परिवार और समर्थकों को देते हुए कहा कि यह पदक देश और हिमाचल की सभी बेटियों को समर्पित है। उनकी इस सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि चम्बा की धरती प्रतिभाओं से भरपूर है।