डलहौजी और बकलोह में ब्लैकआउट लागू, प्रशासन ने सभी से सहयोग की अपील की

डलहौजी/चंबा 8 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
जम्मू और पठानकोट क्षेत्र में ड्रोन हमलों की बढ़ती आशंका के चलते सुरक्षा एजेंसियों द्वारा हाई अलर्ट जारी किया गया है। इसी के तहत हिमाचल प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों डलहौजी और बकलोह में एहतियातन ब्लैकआउट लागू कर दिया गया है। स्थानीय प्रशासन ने सभी नागरिकों, विशेष रूप से होटल व्यवसायियों और अन्य प्रतिष्ठानों से अपील की है कि वे अपने जनरेटर, इनवर्टर तथा किसी भी प्रकार के प्रकाश उपकरण को बंद रखें ताकि किसी भी आपात स्थिति में शत्रु को लक्ष्य साधने में कठिनाई हो।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय नागरिकों की सुरक्षा के दृष्टिगत लिया गया है और सभी से अनुरोध किया गया है कि वे सहयोग करते हुए सतर्कता बनाए रखें। बताया जा रहा है कि उत्तर भारत के कई क्षेत्रों में पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए संभावित हमलों की खुफिया जानकारी मिलने के बाद यह कदम उठाया गया है।

इसी संदर्भ में डलहौजी व आसपास के क्षेत्रों में रात के समय पूर्ण अंधकार बनाए रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।होटल मालिकों, दुकानदारों और निवासियों से विशेष आग्रह किया गया है कि वे नियमों का पालन करते हुए अपने जनरेटर बंद रखें और प्रशासन के साथ मिलकर क्षेत्र की सुरक्षा में सहयोग करें। इस स्थिति को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां भी क्षेत्र में गश्त बढ़ा रही हैं।प्रशासन की ओर से यह भी कहा गया है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या संबंधित अधिकारियों को दी जाए। सतर्कता और सहयोग से ही हम संभावित खतरों से निपट सकते हैं। नागरिकों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल अधिकृत स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर विश्वास करें।