चंबा में स्कूल कॉम्प्लेक्स प्रणाली पर जिला स्तरीय सम्मेलन, सचिव राकेश कंवर ने किया नेतृत्व

चंबा में स्कूल कॉम्प्लेक्स प्रणाली पर जिला स्तरीय सम्मेलन, सचिव राकेश कंवर ने किया नेतृत्व

चम्बा 20 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय चंबा में आज स्कूल कॉम्प्लेक्स प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता सचिव मुख्यमंत्री, शिक्षा, ऊर्जा, सूचना एवं जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति राकेश कंवर ने की। इस अवसर पर उपायुक्त मुकेश रेपसवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में राकेश कंवर ने कहा कि स्कूल कॉम्प्लेक्स प्रणाली का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों के मध्य समन्वय बढ़ाना, संसाधनों का साझा उपयोग सुनिश्चित करना और छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत प्री-प्राइमरी से 12वीं तक की एकीकृत शिक्षा संरचना को प्रभावी ढंग से लागू करने में यह मॉडल अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि शिक्षा व्यवस्था का केंद्र विद्यार्थी हैं और सभी नीतिगत निर्णय छात्रहित को ध्यान में रखते हुए कि3ए जा रहे हैं।

शिक्षा सचिव ने चंबा सहित प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पिछले वर्षों से घटते नामांकन का उल्लेख करते हुए कहा कि स्कूल कॉम्प्लेक्स प्रणाली के सफल क्रियान्वयन से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा और सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेंगे। उन्होंने इस प्रणाली के अंतर्गत “क्यों, क्या और कैसे” के पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही कॉम्प्लेक्स स्तर पर शैक्षणिक गतिविधियों की रूपरेखा, सहयोग तंत्र, अवसंरचना व संसाधनों के साझा उपयोग तथा शिक्षकों के क्षमता-विकास जैसे विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की।

राकेश कंवर ने शिक्षकों से सहयोगात्मक सोच और आंकड़ा-आधारित रणनीतियों को अपनाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने विद्यालयों की उत्कृष्ट गतिविधियों और उपलब्धियों को सोशल मीडिया पर साझा करने पर बल दिया, ताकि एक प्रेरक और सकारात्मक शैक्षिक वातावरण का निर्माण हो सके।

सम्मेलन के दौरान प्रतिभागी शिक्षकों ने अपने सुझाव, अनुभव और प्रश्न साझा किए, जिनका सचिव ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए समाधान पर चर्चा की।
इस अवसर पर उच्च विद्यालय शिक्षा उपनिदेशक विकास महाजन ने राकेश कंवर का स्वागत किया।

कार्यक्रम में यादविन्द्र शर्मा और तान्या सिंह ने विद्या समीक्षा केंद्र व यूडीआईएसई प्लस पर विस्तृत जानकारी प्रदान की।
सम्मेलन में जिला चंबा के प्रधानाचार्यों, मुख्याध्यापकों, खंड प्राथमिक शिक्षा अधिकारियों और केंद्रीय मुख्य शिक्षकों ने भाग लिया। उपनिदेशक शिक्षा गुणवत्ता भाग सिंह, प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी बलवीर सिंह, महाविद्यालय प्राचार्य मदन गुलरिया तथा ओएसडी शिक्षा उमाकांत आनंद भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!