धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बैठक आयोजित उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने दिए अधिकारियों को निर्देश

चंबा, 18 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत ज़िले में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार को उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में किया गया।बैठक में उपायुक्त ने संबंधित एसडीएम को निर्देश दिए कि ज़िले के चयनित 156 जनजातीय गांवों में विभिन्न योजनाओं की सैचुरेशन यानी पूर्ण कवरेज सुनिश्चित की जाए। उन्होंने क्लस्टर आधारित कार्यक्रमों के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, आजीविका और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी सरकारी योजनाओं के समन्वित कार्यान्वयन पर बल दिया।

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को इन गांवों में एलपीजी गैस कनेक्शन की परिपूर्णता के लिए सर्वेक्षण करने के निर्देश भी दिए गए। वहीं, पंचायत स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ज़िला विकास अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।उपायुक्त ने कहा कि इन शिविरों में आधार कार्ड, हिमाचली प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत, मातृ वंदना योजना, टीबी मुक्त भारत अभियान, एससीडी कार्ड, पीएम जनधन, मुद्रा, वन धन, विश्वकर्मा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, मनरेगा कार्ड, पेंशन और छात्रवृत्ति योजनाओं की सैचुरेशन की जाएगी।

बैठक में एडीएम भरमौर सहित डलहौजी, तीसा व पांगी के एसडीएम वर्चुअल रूप से शामिल हुए। मुख्य रूप से एडीएम अमित मैहरा, एसडीएम चंबा प्रियांशू खाती, सीएमओ डॉ. विपिन ठाकुर, ज़िला विकास अधिकारी ओपी ठाकुर, ज़िला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान और अग्रणी जिला प्रबंधक डीसी चौहान उपस्थित रहे।