क्रिकेट मैच के दौरान विवाद में खिलाड़ी की मौत, आरोपी फरार

सलूणी/ चंबा 16 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी )
उपसलूणी के ग्राम पंचायत डयूर में क्रिकेट मैच के दौरान हुए विवाद में एक खिलाड़ी की मौत हो गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय क्यूम खान पुत्र पीर मोहम्मद, निवासी पिछला लौधरी, ग्राम पंचायत डयूर के रूप में हुई है। घटना आज शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है, जब स्थानीय मैदान में क्रिकेट मैच खेला जा रहा था।जानकारी के अनुसार, मैच के दौरान खिलाड़ी के आउट होने को लेकर दो खिलाड़ियों के बीच बहसबाजी हो गई। देखते ही देखते बहस बढ़ गई और विवाद हाथापाई तक पहुंच गया। इसी दौरान आरोपी यासीन ने गुस्से में आकर क्यूम खान के सिर पर बैट से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।घटना के बाद आरोपी यासीन मौके से फरार हो गया।

बताया जा रहा है कि मृतक और आरोपी आपस में रिश्तेदार थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया गया है तथा कल सुबह फॉरेंसिक दल को भी बुलाया गया है जो सुबह मौके वाली जगह पर इस मामले से जड़े हर पहलू की बारीकी से जांच करेगा। बरेहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में विशेष टीम का गठन किया गया है। क्षेत्र में पुलिस द्वारा तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में आक्रोश है। डीएसपी सलूणी रंजन शर्मा ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।